पटेलनगर में किराए के कमरे में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस की छापेमारी में 4 गिरफ्तार-Newsnetra
पटेलनगर क्षेत्र की संस्कृति लोक कॉलोनी में किराए के कमरे में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से धंधा संचालित करने वाली महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला बाहरी राज्यों और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराती थी। ग्राहकों से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर उन्हें युवतियों की फोटो भेजी जाती थीं। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को कोतवाली पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर एक स्थित एक मकान में किराए पर कमरा लेकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए मकान में छापा मारा। इस दौरान एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।







